– सुलतानपुर- बीते 3 जनवरी को कांग्रेसी महिला रीता यादव के पैर में गोली मारने के मामले में पुलिस ने आज खुलासा कर दिया। पुलिस की माने तो महिला ने अपना राजनैतिक कद बढ़ाने और प्रत्याशी बनाने की लालच में खुद अपने साथियों के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया था। फिलहाल खुलासे के बाद आज पुलिस ने महिला समेत 3 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
दरअसल ये मामला है लंभुआ कोतवाली के बाईपास का। जहां बीते 3 जनवरी को रीता यादव नाम की महिला को बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने पैर में गोली मार दी थी। ये घटना उस समय हुई जब रीता यादव शहर से अपने घर बोलेरो से जा रही थी। आरोप था कि लंभुआ बाईपास पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे पैर में गोली मार दी थी और मौके से फरार हो गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रीता यादव को इलाज के लिये अस्पताल भिजवाया साथ ही गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की पड़ताल कर रही थी। लेकिन पड़ताल के दौरान जो तथ्य सामने आए वो चौंकाने वाले थे। पुलिस की माने तो रीता यादव लंभुआ विधानसभा से कांग्रेस के सिम्बल पर चुनाव लड़ना चाहती थी। अपना राजनैतिक कद बढ़ाने के लिये उसने अपने साथियों के साथ मिलकर ये घटना करवाई।खुलासे के बाद पुलिस ने धर्मेंद्र यादव, महिला रीता यादव समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया और आज मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर जेल भेज दिया।